गुरुग्राम। जिला उपायुक्त अमित खत्री ने कंटेनमेंट जोन के संशोधित आदेश जारी किए हैं। नए आदेश के मुताबिक जिले के 14 स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत 54 इलाकों को कंटेनमेंट जोन में रखा गया है। जिला आपदा प्रबंधन कमेटी व कंटेनमेंट समीक्षा कमेटी की सिफारिश पर जिलाधीश द्वारा जारी किए गए संशोधित कंटेनमेंट के आदेशों में सबसे ज्यादा 51 इलाके गुरुग्राम विकास खंड में हैं।
गुरुग्राम में भी कोरोना का सबसे ज्यादा असर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाथूपुर तथा तिगड़ा के अधीन क्षेत्रों में देखा गया है तो वहीं सबसे कम संक्रमण की दर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाहरपुर रूपा के क्षेत्र में है। गुरुग्राम के अलावा सोहना विकास खंड में दो तथा पटौदी में स्वास्थ्य केंद्र मंदपुरा के अधीन क्षेत्र में कोरोना संक्रमण का खासा प्रभाव देखा गया है। कोरोना संक्रमण का अंतिम मामला आने की तिथि दर्शाते हुए 14 दिन के अंतराल के बाद यदि कोई नया मामला न आने पर वह क्षेत्र स्वत: ही कंटेनमेंट जोन से मुक्त माना जाएगा। री किए गए आदेशों में नाथूपुर स्वास्थ्य केंद्र के क्षेत्र में 8 इलाके कंटेनमेंट जोन में रखे गए हैं, जिनमें कुछ गलियां, डीएलएफ फेज-3 के ब्लॉक-के, ब्लॉक-यू तथा ब्लॉक-वी की हैं। इनमें लैगुन अपार्टमेंट, व्हाइट टाउन हाउस समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा, डीएलएफ फेज-5 के प्रिंसटन एस्टेट के तीन ब्लॉक के दो-तीन फ्लोर को कंटेनमेंट जोन में रखा गया है।
नेशनल मीडिया सेंटर भी कंटेनमेंट जोन में
नेशनल मीडिया सेंटर में भी कोरोना संक्रमण के मामले पाए जाने की वजह से मकान नंबर 32 वाली लेन और विला नंबर 48 वाली लेन को कंटेनमेंट जोन में रखा गया है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिगड़ा के अधीन क्षेत्र में मुख्य रूप से सेक्टर 57, सेक्टर 49, सेक्टर 56, सेक्टर 47, सेक्टर 54 तथा तिगड़ा गांव आते हैं। इनके कुछ घरों में कोरोना के मरीज पाए गए हैं। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंद्रलोक और राजेंद्रा पार्क में भी 6-6 स्थानों को कंटेनमेंट जोन में रखा गया है। चंद्रलोक स्वास्थ्य केंद्र के क्षेत्र में डीएलएफ फेज-1, डीएलएफ फेज-2, आरडीसिटी सेक्टर-52, सुशांत लोक ब्लॉक-सी, मारुति विहार, डीएलएफ फेज-4 के क्षेत्रों में कोरोना के मरीज पाए गए हैं। इनके कुछ ब्लॉक की गलियां और फ्लोर कंटेनमेंट जोन में रखे गए हैं।
बादशाहपुर में कम हुई संक्रमण की दर
डीएलएफ फेज चार के रिजवुड एस्टेट के टावर एल, टावर ई, टावर बी, टावर एक्स तथा मैरीगोल्ड लेन में कोरोना संक्रमित मरीज पाए जाने के कारण इनके कुछ घरों को कंटेनमेंट जोन में रखा गया है। स्वास्थ्य केंद्र बादशाहपुर के क्षेत्र में इस बार कोरोना संक्रमण का असर कम हुआ है। इसी वजह से केवल तीन इलाकों को कंटेनमेंट जोन में रखा गया हैं। इनमें सेक्टर 66 के पाम ड्राइव, सेक्टर 65 के एम्राल्ड हिल्स व एम3एम गोल्फ एस्टेट के एक या दो टावर में दो से तीन फ्लोर पर कोरोना के मामले मिले हैं। पुराने गुरुग्राम में राजेंद्रा पार्क स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में 6 स्थान कंटेनमेंट जोन में रखे गए हैं। इसी प्रकार, पटेल नगर स्वास्थ्य केंद्र के अधीन क्षेत्र में सेक्टर 15 के भाग 2, जैकमपुरा तथा पटेल नगर की कुछ गलियों को कंटेनमेंट में रखा गया है।