आठ एजेंसियों ने किया आवेदन, कल खुलेगा 1286 करोड़ का टेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से साइबर सिटी तक ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो निर्माण के लिए सामान्य सलाहकार (जीसी) एजेंसी नियुक्त किए जाने की तैयारी है। इस पर गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) इसी सप्ताह फैसला ले सकती है।
सलाहकार एजेंसी मेट्रो के निर्माण कार्य पर नजर रखेगी। इसके लिए आठ एजेंसियां ने आवेदन किया हुआ है और कागजातों की जांच पूरी कर ली गई है। अब एक एजेंसी का चयन करने कर कार्य अलॉट किया जाना है।
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के लिए पहले चरण में मिलेनियम सिटी से सेक्टर नौ तक मेट्रो के सिविल वर्क के लिए 1286 करोड़ का टेंडर एक मई को खुलेगा। पहले इसे 22 अप्रैल को खोला जाना था लेकिन जीएमडीए के बख्तावर चौक अंडरपास को लेकर टेंडर की तिथि बढ़ानी पड़ी है। अब निर्माण के लिए जीसी की जरूरत है।
जीसी एजेंसी के इंजीनियर पूरी परियोजना के निर्माण कार्य पर नजर रखेंगे। एजेंसी चार साल तक कार्य करेगी। मेट्रो निर्माण में सामान्य सलाहकार की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। एजेंसी मेट्रो निर्माण से जुड़े हर कार्य पर निगरानी रखती है। इसका टेंडर पिछले साल 10 दिसंबर को खोला गया था। इसमें आठ एजेंसियों ने आवेदन किया हुआ है। जीएमआरएल की टीम इन कंपनियों की टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड की जांच कर चुकी है।
जीएमआरएल सूत्रों के अनुसार सीजी की नियुक्ति जल्द की जाएगी। एजेंसी चयन को लेकर कार्य पूरे हो चुके हैं। इससे पहले डिजाइन सलाहकार की नियुक्ति (डीडीसी) हो चुकी है। इसके लिए सिस्ट्रा एजेंसी प्रस्तावित रूट का सर्वे कर एलिवेटेड सेक्शन की डिजाइन संबंधी कार्य कर रही है। इसी डिजाइन के आधार पर जीएमआरएल ने पहले चरण के निर्माण कार्य का टेंडर जारी किया।
ये नए स्टेशन बनेंगे
मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर 47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72 ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज- 6, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई गांव, सेक्टर-9, सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर-5 , अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23 ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार फेज-4, उद्योग विहार फेज-5, सेक्टर 101 व साइबर सिटी।