संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। वार्ड-5 स्थित शंकर विहार, साहिब कुंज और गंगा विहार में करीब दो साल से मुख्य सड़क व कई गलियों का निर्माण कार्य रुका है। इससे करीब एक हजार परिवारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। मुख्य सड़क पिछले कुछ महीनों से खोदकर छोड़ी गई है। निवासियों के अनुसार, सीवर लाइन डालने के बाद भी गली समतल नहीं की गई।
उबड़-खाबड़ रास्ते से हादसे का डर बना रहता है, वहीं उड़ती धूल राहगीरों व स्कूली बच्चों को परेशान करती है। गंगा विहार के अध्यक्ष योगेश कटारिया समेत अन्य निवासियों ने बताया कि बारिश में कीचड़ व जलभराव से स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों ने प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग करते हुए नगर निगम को ज्ञापन सौंपा है।
-
कई महीने से गली का निर्माण कार्य रुका हुआ है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को होती है। बच्चों को खेलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। - रवि, शंकर विहार, निवासी
बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव हो जाता है। वहीं, कीचड़ की वजह से राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक को निकलने में दिक्कत होती है। - सन्नी, शंकर विहार, निवासी
शंकर कॉलोनी में निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण आवागमन हुआ मुश्किल
शंकर कॉलोनी में निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण आवागमन हुआ मुश्किल