मेवात हिंसा पर स्वतंत्रता सेनानी परिषद के परिसर में की शांति सभा
भाजपा सरकार पर भेदभाव और नफरत फैलाने का आरोप लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कांग्रेस नेताओं को नूंह जाने से रोकने और भाजपा नेताओं को वहां जाने देने पर कांग्रेसियों ने आक्रोश जताया है। बुधवार को कांग्रेसियों ने सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी परिषद के परिसर में शांति सभा का आयोजन किया। इसमें प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय यादव ने अध्यक्षता करते हुए भाजपा सरकार पर भेदभाव करने और नफरत फैलाने का आरोप लगाया।
पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि मंगलवार को जब कांग्रेस के नेता नूंह जा रहे थे तो धारा 144 का हवाला देकर उन्हें रोक दिया गया। यहां तक कि चार नेताओं को भी जाने की अनुमति नहीं दी गई। आज जब भाजपा के नेता वहां गए हैं तो उनके लिए कोई नियम कानून नहीं है। उन्हें तो नूंह प्रशासन ने जाने की अनुमति दे दी, क्या अब नूंह में धारा 144 नहीं है।
पूर्व मंत्री सुखबीर सिंह कटारिया ने कहा कि तानाशाह सरकार से हर वर्ग दुखी हो चुका है। वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने कहा कि ऐसा लगता है कि एक रणनीति के तहत भाईचारा खराब करने का प्रयास किया जा रहा है क्योंकि पूरे देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अलग-अलग प्रदेशों में अलग-अलग ऐसे मुद्दे पैदा किए जा रहे हैं जिससे आम जनता मुद्दों पर ध्यान न दे सके। इस मौके पर पूर्व विधायक रामबीर, सुनीता सहरावत, केएल यादव, कुलदीप कटारिया, वर्धन यादव, इंदर सिंह सैनी, राहुल यादव, लालसिंह यादव, शेखर गुर्जर, अमित गुर्जर, निर्मल यादव, एडवोकेट सूबे सिंह यादव आदि मौजूद थे।