फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस के पास कहने के लिए कुछ नहीं : सैनी

विज्ञापन
विज्ञापन
राव इंद्रजीत सिंह को जिताने का लिया संकल्प, कहा- कांग्रेस को हार के डर से गुरुग्राम में नहीं मिल रहा प्रत्याशी
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कांग्रेस सिर्फ खोखली नारेबाजी करती है। कांग्रेस के पास कहने और बताने के लिए कुछ भी नहीं है। कांग्रेस का काम सिर्फ विरोध करना रह गया है। अब चुनाव में कांग्रेस फिर झूठ का सहारा ले रही है। हालत यह है कि गुरुग्राम में हार के डर से कांग्रेस को कोई प्रत्याशी ही नहीं मिल रहा। राहुल गांधी भी अपने लिए सुरक्षित सीट की तलाश कर रहे हैं।
सोमवार को यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कही। मुख्यमंत्री गुरुग्राम लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह के नामांकन अवसर पर जिले में पहुंचे थे। नामांकन दाखिल करने के बाद सेक्टर-15 स्थित गुरुग्राम क्लब मैदान में लोगों और पार्टी समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि जनता को कांग्रेस की झूठ और लूट की राजनीति से बचना है और बचाना है। उन्होंने सभी लोगों से राव इंद्रजीत सिंह को 8 लाख से ज्यादा वोटों से जिताने का आग्रह किया।
विज्ञापन

कांग्रेस को घेरते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 55 साल से कांग्रेस ने देश के लोगों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गैस सिलिंडर के लिए लोगों को लाइन में खड़ा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के साथ न्याय किया और लाइन को खत्म करने का काम किया। भाजपा सरकार की नीयत और नीति दोनों ठीक हैं। पीएम मोदी ने देश को जोड़ने का काम अपने दस साल के कार्यकाल में किया है।

राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में अमेठी की जनता ने राहुल गांधी को सबक सिखाया था। 2019 में राहुल गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर चले गए। आज स्थिति यह है कि वह केरल की इस सीट को भी अपने लिए सुरक्षित नहीं मानते और कोई नई जगह तलाश रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास चुनाव लड़ाने के लिए प्रत्याशी नहीं हैं। चुनाव में 26 दिन बचे हैं और कांग्रेस गुरुग्राम में अपना उम्मीदवार तक तय नहीं कर पा रही है।

खुश किस्मत हूं कि मेरे लिए पूरी पार्टी वोट मांग रही है : राव इंद्रजीत सिंह
भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सैनी समेत तमाम भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का नामांकन के अवसर पर साथ देने के लिए शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि मुझे इतनी खुशी है कि भाजपा के सभी नेता और कार्यकर्ता आज मेरे साथ हैं और मेरे लिए वोट मांग रहे हैं।

यह चुनाव देश के लिए अहम : डाॅ. सुधा यादव
भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्या एवं पूर्व सांसद सुधा यादव ने कहा कि यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है, बल्कि यह देश के लिए अहम चुनाव है। पिछले 10 सालों में भारत सही दिशा में चलने लगा है और विकास की राह देश ने पकड़ी है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार नरेंद्र मोदी की सरकार बनने पर यह विकास की गति और तेज होगी और विश्व में भारत का नाम और अधिक सम्मान के साथ लिया जाएगा।

जिन्होंने राम के निमंत्रण को ठुकराया, जनता उन्हें इस बार भी ठुकरा देगी : रामबिलास शर्मा
पूर्व मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामविलास शर्मा ने कहा है कि मेवात के अधिकांश लोग सूर्यवंशी और चंद्रवंशी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राम के अस्तित्व को नकारा और अब प्राण प्रतिष्ठा के समय जब उन्हें निमंत्रण दिया गया तो उन्होंने निमंत्रण को भी ठुकरा दिया। देश की जनता अब उन्हें ठुकराने का काम करेगी।
विज्ञापन


ये नेता रहे उपस्थित
राव इंद्रजीत सिंह के नामांकन के समय हरियाणा सरकार में मंत्री डॉ. बनवारी लाल व संजय सिंह, विधायक सुधीर सिंगला, सत्य प्रकाश जरावता, लक्ष्मण यादव, ओम प्रकाश यादव, दीपक मंगला, पूर्व मंत्री राव नरवीर सिंह, पार्टी के जिलाध्यक्ष कमल यादव, प्रीतम सिंह चौहान, नरेंद्र पटेल, पार्टी की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शनी, जीएलशर्मा, मधु आजाद, विमल यादव, वरिष्ठ नेता जवाहर यादव, मनीष यादव, आरती राव, मनीष मित्तल, वंदना पोपली, सुनीता डांगी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें