साइबर ठगी के 1577 मामलों का खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कमिश्नरेट की अलग-अलग जोन की थाना पुलिस ने साइबर ठगी के 1577 मामलों की जांच कर चार करोड़ 92 लाख रुपयों की ठगी का खुलासा किया है। पुलिस ने इन मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की छानबीन में आरोपियों के खिलाफ कुल 63 मामले दर्ज हैं। इसमें तीन मामले कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।
साइबर पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनकी पहचान पवन कुमार, अविनाश गिरी, बिजेंद्र सिंह, रिशु कुमार, रितेश, रोहित, राहुल जैन, गौरव व ओहन पाहवा के रूप में हुई है। इन साइबर ठगों को अलग-अलग साइबर थानों में दर्ज मामले की जांच के लिए गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल, 13 सिम कार्ड्स व 6 सीपीयू बरामद किए हैं। साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) से डाटा का अवलोकन कराने पर पता चला कि आरोपियों के खिलाफ देशभर में लगभग चार करोड़ 92 लाख रुपयों की ठगी के संबंध में कुल 1577 शिकायतें और 64 अभियोग दर्ज हैं।
यह था ठगी का तरीका
गुरुग्राम पुलिस की जांच में यह सामने आया कि उपरोक्त आरोपी ऑनलाइन लोन एप से धोखाधड़ी करके ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस टीम ने आरोपियों को अलग-अलग मामले में रिमांड पर लेकर जांच पूरी कर ली है।
वर्जन
अलग-अलग साइबर ठगी के दर्ज मामलों में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनकी ओर से चार करोड़ 92 लाख की ठगी का खुलासा किया है। - सिद्धांत जैन, डीसीपी साउथ, गुरुग्राम