गुरुग्राम। कोरोना महामारी के बीच जिले में रामलीला मंचन को लेकर सोमवार को स्थिति साफ होगी। तमाम रामलीला कमेटियों के पदाधिकारी जिला उपायुक्त से मुलाकात करेंगे। दरअसल केंद्र सरकार और जिला प्रशासन की ओर से अनलॉक-5 के संबंध में जारी हुई गाइडलाइन में रामलीला मंचन के संबंध में स्थिति साफ नहीं हुई है।
सर्व श्री रामलीला समिति के बैनर तले सभी कमेटियों के पदाधिकारी सोमवार को उपायुक्त अमित खत्री से मिलेंगे। समिति के प्रमुख सुरेंद्र खुल्लर ने बताया कि वह उपायुक्त से रामलीला मंचन के मामले में दिशा निर्देश जारी करने की मांग करेंगे, क्योंकि मंचन करने का समय नजदीक आ गया है, लेकिन प्रशासन ने अभी तक कमेटियों को मंचन के संबंध में दिशा निर्देश नहीं दिए हैं। इस कारण अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मंचन करने में क्या-क्या सावधानियां बरतनी हैं। इसके अलावा मंचन के पंडाल में कितने लोगों को प्रवेश दिया जा सकता है।
उधर श्री दुर्गा रामलीला कमेटी जैकबपुरा के अध्यक्ष रमेश कालरा ने कहा कि जिला प्रशासन को जल्द से जल्द मंचन को लेकर दिशा निर्देश जारी करने चाहिए, क्योंकि रामलीला मंचन शुरू होने में मात्र 12 दिन बचे हैं और उन्हें तैयारियां भी करनी हैं। हालांकि कोरोना महामारी के कारण शहर की कई रामलीला कमेटियों ने इस बार मंचन नहीं कराने का निर्णय लिया है, जबकि अधिकतर कमेटी मंचन करने की तैयारियों में जुटी हैं।