गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार के बीच इस वर्ष पहली बार एक दिन में ही अब तक के सर्वाधिक 567 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। वहीं, 703 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
पिछले दो दिनों से लगातार एक दिन में 700 से ज्यादा नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बृहस्पतिवार को भी जिले में कोरोना के 741 नए मरीज आए थे। हालांकि, कोरोना के व्यापक प्रकोप के बावजूद जिले में गंभीर मरीजों की संख्या काफी कम है। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 68193 हो चुकी है, जिसमें से 63234 लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। रोजाना बड़ी संख्या में आ रहे नए मरीजों के साथ ही सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है और अब 4591 मरीज सक्रिय हैं।
इनमें से 4258 संक्रमित होम आइसोलेट हैं। कोविड मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अब जगह-जगह रैंडम तौर पर शिविर का आयोजन कर कोरोना जांच कर रहा है। इस क्रम में रैपिड एंटीजन किट के जरिए अधिकांश लोगों की जांच की जा रही है। सीएमओ डॉ. वीरेंद्र यादव भी इस संदर्भ में संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को लगातार निर्देशित कर रहे हैं।
8008 लोगों की हुई जांच :
शुक्रवार को जिले में कोरोना जांच के लिए 8008 लोगों से नमूने लिए गए। इसमें से 6742 की आरटी-पीसीआर व 1266 लोगों की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की गई। इसी के साथ जिले में कोरोना जांच की संख्या अब बढ़कर 9 लाख 97 हजार 182 तक पहुंच चुकी है, जिसमें से 68 हजार 193 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
सीएम के आगमन के दिन बढ़ती है स्वस्थ होने वालों की संख्या :
कोरोना के चरम पर होेने के दौरान ऐसा दूसरी बार हुआ है जब मुख्यमंत्री के गुरुग्राम दौरे के दिन एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इससे पहले पिछले साल 15 जून को भी ऐसा ही हुआ था जब मुख्यमंत्री के गुरुग्राम आगमन के दिन ही एक दिन में 511 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया था। मालूम हो कि शुक्रवार को एक दिन में इस वर्ष के सर्वाधिक 567 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया।