संवाद न्यूज एजेंसी।
तावडू। उपमंडल की सीलखो पंचायत के साथ लगते राजस्थान के उन्धनवास गांव के एक व्यक्ति पर नूंह के पड़ोसी गांव के पंचायत प्रतिनिधियों की मिली भगत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर फर्जी पासपोर्ट बनवाने व फर्जी पासपोर्ट के माध्यम से सोने की तस्करी का आरोप लगा है। शिकायत कर्ता ने इस मामले में दिल्ली पासपोर्ट कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया और इसका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की तस्करी के लिए किया। शिकायतकर्ता ने पासपोर्ट अधिकारी से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। राजस्थान के गांव उन्धनवास रहने वाले रफीक ने पासपोर्ट अधिकारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत के मुताबिक, निसार नामक व्यक्ति ने ग्राम पंचायत सीलखो हरियाणा के नूंह जिले के पते पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने नाम का पासपोर्ट हासिल कर लिया। इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि निसार पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है और सोने की तस्करी से जुड़ा हुआ है।