संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) की ओर से इफ्को चौक से आईएमटी मानेसर के ढाना मोड़ तक चलाई जा रही सिटी बस सेवा में लगातार आ रही खराबी से यात्री परेशान हैं। शनिवार को इसी रूट पर चलने वाली दो बसें अलग-अलग स्थानों पर खराब हो गईं, जिसके कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एक बस अलियर चौक के पास खराब हो गई, जबकि दूसरी बस रात करीब आठ बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास शिकोहपुर मोड पर बंद हो गई। बस खराब होने के कारण यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और कई लोगों को मजबूरी में दूसरे साधनों से अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
आईएमटी मानेसर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सिटी बस एक महत्वपूर्ण साधन है। रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी इन बसों से सफर करते हैं। यात्रियों का कहना है कि बसों में बार-बार खराबी आने से समय की बर्बादी होती है और उन्हें अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता है।
यात्री संदीप ने बताया कि वह आईएमटी मानेसर की एक कंपनी में काम करते हैं और रोजाना सिटी बस से सफर करते हैं। उन्होंने कहा कि बस खराब होने की समस्या बार-बार सामने आ रही है, जिससे कई बार आधे रास्ते में ही परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं, यात्री लक्ष्य ने बताया कि बस खराब होने के बाद मजबूरी में दूसरा वाहन करना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त पैसे खर्च होते हैं और समय भी खराब होता है।