मेयर ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ, लोगों को मिलेगी सुविधा
फुटपाथ, ड्रेन, इंटरलॉकिंग टाइल्स और यूटिलिटी डक्ट का होगा निर्माण
नंबर गेम - 2.11 करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने सोमवार को वार्ड-1 में गांव गढ़ी से हरसरू तक होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने नारियल फोड़कर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस परियोजना पर नगर निगम करीब 2 करोड़ 11 लाख रुपये खर्च करेगा।
यह कार्य वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों के अनुसार कराया जा रहा है। इसके तहत सड़क के दोनों ओर फुटपाथ बनाए जाएंगे। साथ ही इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई का काम, पक्की ड्रेन और यूटिलिटी डक्ट का भी निर्माण होगा। कार्यक्रम में पार्षद जुगमिंदर यादव, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रहा है। गढ़ी से हरसरू जाने वाला यह मार्ग दोनों गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। सड़क के दोनों ओर फुटपाथ बनने से पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा। ड्रेन बनने से बरसात में जलभराव की समस्या कम होगी। वहीं, यूटिलिटी डक्ट बनने से भविष्य में बिजली, इंटरनेट और अन्य सेवाओं की लाइनें भूमिगत बिछाई जा सकेंगी। इससे बार-बार सड़क खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सड़क लंबे समय तक अच्छी स्थिति में रहेगी।
पार्षद जुगमिंदर यादव ने मेयर और नगर निगम का आभार जताते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क बेहतर होने से आवागमन आसान होगा, साथ ही इलाके की सुंदरता और स्वच्छता में भी सुधार आएगा।