यात्री पास की बजाय स्मार्ट कार्ड से सफर कर रहे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) द्वारा संचालित गुरुगमन सिटी बसों में सफर करने वाले यात्री मासिक पास बनवाने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए सिटी बसों को बदलना पड़ता है, जबकि बस पास सिर्फ एक ही रूट का बनाया जाता है। ऐसे में यात्री बस पास की बजाय स्मार्ट कार्ड से सफर कर रहे हैं। स्मार्ट कार्ड से हर यात्रा पर दो रुपये की छूट मिलती है, जबकि मासिक पास बनवाने पर किराये में 20 फीसदी छूट मिलती है। बावजूद इसके मासिक पास नहीं बनवाए जा रहे।
गुरुगमन सिटी बसों में बस पास बनवाकर सफर करने वाले यात्रियों के लिए किराये में छूट दी गई है। मासिक पास बनवाने पर कुल किराये में 20 फीसदी छूट, तीन माह का बस पास बनवाने पर 25 फीसदी छूट दी गई है। छह माह का बस पास बनवाने पर 28 फीसदी और एक वर्ष का मासिक बस पास बनवाने पर 30 फीसदी छूट का विकल्प दिया गया है।
बस पास के लिए ऑनलाइन आवेदन
जीएमसीबीएल की वेबसाइट पर बस पास बनवाने का फार्म अपलोड किया गया है। यात्री द्वारा फार्म को डाउनलोड करके उसके अपने अधिकृत पहचान पत्र सहित सेक्टर-10 स्थित जीएमसीबीएल कार्यालय में जमा कराना होगा। जीएमसीबीएल कार्यालय द्वारा बस पास बनाकर यात्री को दिया जाएगा। इस बस पास में सिर्फ गुरुगमन सिटी बस में निर्धारित एक रूट पर ही सफर किया जा सकता है।
यात्रियों को स्मार्ट कार्ड और बस पास बनवाने के लिए जानकारी दी जाती है। एक ही रूट का बस पास बनने के कारण अधिकतर यात्री इसे नहीं बनवा रहे। सिटी बसों में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों ने स्मार्ट कार्ड बनवाए हुए हैं।
- नरेश कुमार, मैनेजर सेक्टर-10 डिपो, जीएमसीबीएल