रात 1.45 बजे लगी थी आग
जानकारी के अनुसार रात करीब 1.45 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सीएनजी ऑटो में आग लग गई। देर रात का मामला होने के कारण हाईवे पर वाहनों की संख्या काफी कम होती है। वहीं, जो वाहन आते हैं, वे हाईवे पर तेजी से गुजर जाते हैं। ऐसे में ऑटो में आग लगने के तुरंत बाद चालक को बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया होगा। ऑटो में आग लगने की सूचना मिलने पर सेक्टर-29 फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर ऑटो में लगी आग बुझाई। तब तक ऑटो के साथ ही चालक भी जल चुका था।
क्यों ऑटो से उतर न सका ड्राइवर?
नाहरपुर रूपा चौकी की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस व दमकल कर्मियों ने ऑटो के चालक को झुलसी हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार यह भी पता नहीं चल पा रहा है कि ऑटो चालक नशे की हालत में तो नहीं था, जोकि आग लगने के बाद ऑटो से नहीं उतर सका। चालक के कपड़ों में आग लगने से जल गए। मंगलवार की सुबह निजी अस्पताल में उपचार के दौरान ऑटो चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मृत चालक की पहचान करने में जुटी है।
अर्जननगर में एक मकान पर पंजीकृत है ऑटो
पुलिस की जांच में सामने आया कि उक्त ऑटो अर्जुननगर के एक मकान के पते पर वर्ष 2018 में पंजीकृत है। जब पते पर पूछताछ की गई तो पता चला कि जिस व्यक्ति के नाम ऑटो है, वह करीब पांच साल पहले ही गुरुग्राम छोड़कर जा चुका है और उसने एक व्यक्ति को ऑटो बेचा था। हालांकि अभी भी ऑटो उसी के नाम पर है। नाहरपुर रूपा के प्रभारी एसआई अनिल ने बताया कि ऑटो मालिक से बात की गई तो पता चला वह कई साल पहले ही बिहार जा चुका है। ऑटो कितनी बार बिका है व वर्तमान में किसके पास था, इसके बारे में उसे जानकारी नहीं है।
ऑटो यूनियन से चालक का पता लगा रही पुलिस
मृत ऑटो चालक की पहचान करने के लिए पुलिस द्वारा शहर की ऑटो यूनियन से जानकारी ली जा रही है। यूनियन पदाधिकारियों व चालकों से ऑटो के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है। ऑटो चालक एक-दूसरे को जानते होते हैं, ऐसे में किसी अन्य चालक से उक्त ऑटो चलाने वाले चालक के नाम व पता के बारे सुराग मिल सकेगा। तभी उसकी पहचान करके परिवार वालों को सूचना दी जा सकेगी।
पुलिस का बयान
मृत ऑटो चालक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, यह भी जांच की जा कर रही है कि ऑटो में किस वजह से आग लगी थी। संभावना है कि सीएनजी सिलिंडर फटने से आग लगी होगी। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।
- महेंद्र, एएसआई व जांच अधिकारी, नाहरपुर रूपा चौकी।