सीएम विंडो शिकायतों के निपटान को लेकर एडीसी की एमिनेंट पर्सन के साथ बैठक
एडीसी ने शिकायतों के समयबद्ध फॉलो-अप और समन्वय पर दिया जोर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एडीसी वत्सल वशिष्ठ ने कहा कि सीएम विंडो आमजन और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का एक मजबूत माध्यम है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सरलता से अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में नियुक्त एमिनेंट पर्सन इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाते हैं, क्योंकि वे लोगों की शिकायतों को सुनकर उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाने और समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सेतु का काम करते हैं।
गुरुग्राम जिले में नियुक्त सभी एमिनेंट पर्सन के साथ आज लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एडीसी वत्सल वशिष्ठ ने की। बैठक में एडीसी वत्सल वशिष्ठ ने कहा कि एमिनेंट पर्सन का काम केवल शिकायत को आगे भेजना ही नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना है कि अधिकारी स्तर पर समुचित कार्रवाई हो और शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी समय-समय पर मिलती रहे। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए यह आवश्यक है कि एमिनेंट पर्सन शिकायतों पर लगातार फॉलोअप रखें और अधिकारी-कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाए रखें।
बैठक में सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की संख्या, उनके निपटान की स्थिति और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष अजीत यादव, उपस्थित एमिनेंट मेंबर्स में पूजा, बिमला देवी, सैनी, सूरज गोयल, राजन चौहान, अनुया, अभय यादव, शालू वर्मा, तारा टूटेजा और विकास कुमार शामिल रहे।