नगीना। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को नूंह जिले के बड़कली चौक पर पहुंचकर 31 जुलाई को हुई हिंसा वाली जगहों व दुकानों का निरीक्षण किया और इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को भुलाया जाना ही सबके हित में है।
मुख्यमंत्री ने हिंसा से प्रभावित नगीना के बड़कली चौक के निवासियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी हरसंभव मदद करेगी। जिला प्रशासन द्वारा हिंसा से प्रभावित स्थानों, दुकानों व सामान आदि का जो भी नुकसान हुआ है, उसका आंकलन करवाया जा रहा है। जिन व्यक्तियों के नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया है, उन्हें भी इसमें शामिल करते हुए जायज नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। हिंसा में आगजनी से जो गाड़ियां जली थीं, उन सब का भी आंकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नुकसान के आंकलन के लिए एफसीआर की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई थी। वो स्वयं भी निरंतर घटना पर नजर बनाए हुए थे और जिला प्रशासन के अधिकारियों, स्थानीय लोगों व अन्य प्रमुख लोगों से हर पल की रिपोर्ट ले रहे थे। संवाद