अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भोंडसी जेल में बंद पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से मिलने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पहुंचे। लगभग 40 मिनट तक मुलाकात के बाद दोनों नेता दिल्ली लौट गए। इससे पहले 23 मई को भी मान और केजरीवाल ने भोंडसी जेल में आकर संजीव अरोड़ा से मुलाकात की थी।
संजीव अरोड़ा को ईडी ने 9 मई 2026 को चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास पर दिनभर चली छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया था। अरोड़ा की गुरुग्राम की अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया। रिमांड के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। संजीव अरोड़ा गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद है। ईडी की जांच में सामने आया कि संजीव अरोड़ा ने लगभग 44 हजार आईफोन का निर्यात दुबई में किया ही नहीं। ये प्रक्रिया सिर्फ कागजों में दिखाई गई। इसके लिए कथित तौर पर फर्जी खरीद बिल और निर्यात से जुड़े दस्तावेज तैयार किए गए। ईडी का दावा है कि इस कथित फर्जीवाड़े के जरिए निर्यात से मिलने वाले वित्तीय लाभ हासिल करने और अवैध धन के स्रोत को छिपाने की कोशिश की गई।
ईडी की चार्जशीट के अनुसार, कथित आईफोन बिक्री का कुल कारोबार 150 करोड़ रुपए से अधिक का दिखाया गया। 100 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के आईफोन दुबई की एक कंपनी को एक्सपोर्ट किए गए, जबकि वह कंपनी संजीव अरोड़ा की रियल एस्टेट फर्म में निवेशक भी बताई गई है। पूरा एक्सपोर्ट लेनदेन शैल कंपनियों, काल्पनिक खरीदारों और सर्कुलर फंड ट्रांसफर के जरिए तैयार किया गया। आईफोन की खरीद दिखाने वाली कई सप्लायर कंपनियां अस्तित्वहीन, शैल थीं। मामले में दुबई की फोर्टबेल टेलीकॉम और ड्रैगन ग्लोबल की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इन कंपनियों ने कथित तौर पर आईफोन की खेप प्राप्त की और भारत में भुगतान किया था।