सामुदायिक भवन फर्रुखनगर के निर्माण में गबन के आरोपों की जांच करने पहुंची टीम, सीएम विंडो पर की गई थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। सामुदायिक भवन फर्रुखनगर के निर्माण में गबन के आरोपों की जांच के लिए सोमवार को सीएम फ्लाइंग ने क्षेत्र में छापा मारा। इससे स्थानीय प्रशासनिक दफ्तरों में हड़कंप मच गया। तहसील, बीडीपीओ और नगर पालिका कार्यालयों में टीम की दबिश के कारण अफसर-कर्मचारी नदारद रहे। इससे आम लोगों को अपने जरूरी कार्य कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
छापे के दौरान टीम ने हाजिरी रजिस्टर की जांच की। इसमें नगर पालिका के जेई और एमई गैरहाजिर पाए गए। छापा सुबह करीब 10 बजे पड़ा और दोपहर एक बजे तक कार्रवाई जारी रही। यह कार्रवाई सीएम विंडो पर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायत में सामुदायिक भवन फर्रुखनगर के निर्माण में गबन के आरोप लगाए गए थे। टीम ने मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। इसके अलावा अवैध निर्माणों के नोटिस, सामुदायिक भवन और सड़क मरम्मत कार्य से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले। हालांकि नगर पालिका के इंजीनियर के छुट्टी पर होने के कारण कुछ अहम फाइलें उपलब्ध नहीं हो सकीं। टीम का कहना है कि ये रिकॉर्ड जल्द ही उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसके बाद नियमानुसार जांच की जाएगी।
छापेमारी के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष बीरबल सैनी, उपाध्यक्ष प्रदीप यादव समेत पार्षद देवेंद्र शर्मा, नीरज सैनी और ज्ञानचंद भी कार्यालय में मौजूद रहे।