ओल्ड दिल्ली रोड पर जलभराव से मिलेगी राहत, ओल्ड दिल्ली रोड से रेजांगला चौक तक होगा चौड़ा
45 करोड़ खर्च करेगा जीएमडीए
मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से जूझ रहे साइबर सिटी के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। ओल्ड दिल्ली रोड से रेजांगला चौक तक बने 35 साल पुराने मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन (लेग-I) की चौड़ाई छह मीटर की जाएगी। अभी तक यह नाला 3.25 मीटर चौड़ा है। इस काम पर 45 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से शहर के प्रमुख क्षेत्रों व सड़कों पर जल निकासी के इंतजामों को मजबूत करने के लिए यह फैसला लिया गया है। नाले के चौड़ीकरण के बाद इस क्षेत्र में बारिश के दिनों में पानी भरने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
अधिकारियों का कहना है कि मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन (लेग-I) 35 साल पुराना है, जो अब जर्जर अवस्था में है। यह नाला साइबर हब, सेक्टर-18/19, पुरानी दिल्ली रोड, सेक्टर-22, 23ए, पालम विहार, रेलवे कल्वर्ट 47, बजघेड़ा गांव और सेक्टर 115 सहित महत्वपूर्ण शहरी क्षेत्रों को पार करता है। इसके जीर्णोद्धार के बाद इन इलाकों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि ओल्ड दिल्ली रोड के पहले नाले की चौड़ाई 4.25 मीटर है, जबकि रेलवे पुलिया तक 2.10 मीटर से 3.35 मीटर तक संकरी हो जाती है। नाले के आकार में अचानक कमी से पानी निकासी में दिक्कत आती है, जिससे भारी बारिश के दौरान ओवरफ्लो होता है। यह समस्या सबसे अधिक ओल्ड दिल्ली रोड के पास आती है और सड़क पर पानी जमा हो जाता है।
आठ माह में पूरा होगा काम
जीएमडीए रेजांगला चौक से रेलवे पुलिया नंबर 47 तक लेग- I के हिस्से का आरसीसी नाले के साथ पुनर्निर्माण कराया है। अब बारिश के पानी की त्वरित निकासी के लिए बीच के हिस्से को अपग्रेड करने की योजना है। जीएमडीए ओल्ड दिल्ली रोड से रेजांगला चौक तक करीब 2.8 किमी आरसीसी बॉक्स के साथ पुनर्निर्माण कराने जा रहा है। ओल्ड दिल्ली रोड से रेजांगला चौक तक नाले की चौड़ाई 3.25 मीटर चौड़ाई बढ़कर छह मीटर की जाएगी। तीन-तीन मीटर के बैरल होंगे। ठेकेदार को कार्य अलाट होने के बाद 18 माह में काम पूरा करने का लक्ष्य है।
इस कार्य को जीएमडीए बोर्ड बैठक से मंजूरी मिल चुकी है। एस्टीमेट तैयार किया जा रहा और जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। इसी रोड से गुरुग्राम मेट्रो को जाना है, अलाइनमेंट तय किया जाना है। - आरएस जांगड़ा, मुख्य अभियंता, जीएमडीए
मेट्रो कॉरिडोर में नहीं होगा जल भराव
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना में मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी मेट्रो रूट पर काम होना है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-नौ तक निर्माण कार्य चल रहा है। दूसरे चरण में सेक्टर-नौ से साइबर सिटी तक मेट्रो का निर्माण होगा और अभी टेंडर जारी नहीं किया गया है। मिट्टी और जीपीआर सर्वे चल रहा है। सेक्टर-नौ से मेट्रो रेजांगला चौक व सेक्टर-22 व 23 से होते हुए दिल्ली रोड से उद्योग विहार होते हुए साइबर सिटी तक पहुंचेगी। जीएमडीए और जीएमआरएल की बैठक में मेट्रो के अलाइनमेंट तय करने पर चर्चा हुई है। नाले के बनने से मेट्रो रूट पर बारिश के पानी जमाव की समस्या नहीं होगी।