मालिबू टाउन के निवासियों ने जल संकट पर जताई चिंता, निगमायुक्त को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जल संकट को लेकर मालिबू टाउन सोसाइटी के लोगों ने नगर निगम को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि करीब 25 दिनों से सोसाइटी के लोग जल संकट का सामना कर रहे हैं, जबकि सोसाइटी क्लब के स्विमिंग पूल में नियमित रूप से दोनों वक्त पीने का पानी भरा जा रहा है। वहीं, लोग टैंकर का पानी खरीदने को मजबूर हैं।
सोसाइटी को नगर निगम के अधीन आए चार साल से ज्यादा हो चुके हैं। क्लब अभी तक बिल्डर प्रबंधन के पास है। लोगों ने आरोप लगाया कि क्लब प्राइवेट तौर पर चलाया जा रहा है। निवासियों ने प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है।बता दें कि 204 एकड़ वाली मालिबू टाउनशिप में करीब 10,000 लोग रहते हैं। साल 1995 में यह प्लॉटेड टाउनशिप विकसित हुई थी। अब यहां के अधिकतर घर तिमंजिला हैं, लेकिन पानी की पाइपलाइनें पुरानी हैं, जीएमडीए का नहरी पानी यहां जरूरत के मुताबिक काफी कम मिल रहा है। इस कारण लोगों को गर्मी के मौसम में टैंकर खरीदने पड़ रहे हैं।