हरी झंडी के साए में बदबू: स्वच्छता अभियान बना दिखावा
खेल राज्य मंत्री ने नागरिकों और अधिकारियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ।
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर के मीनार गेट पर बने पार्किंग स्थल से रविवार को खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। यह अभियान लगातार 11 हफ्तों तक चलेगा। इन 11 हफ्तों तक सफाई से जुड़े सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई ह। यह अभियान 7 नवंबर तक चलाया जाएगा। खेल राज्य मंत्री ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वच्छ और सुंदर भारत” के विजन का हवाला दिया। इसके साथ ही स्वच्छता बनाए रखने में नागरिक जिम्मेदारी की बातें भी की।
मंत्री ने लोगों से अपील की कि “हर गली, हर मोहल्ला” में लोग जुटें और अपने घर से मोहल्ले से सफाई अभियान की शुरुआत करें। पूरे कार्यक्रम के दौरान अचंभे की बात यह रही कि जहां से मंत्री स्वच्छता अभियान के ऊपर भाषण दे रहे थे ठीक उसी जगह की हकीकत ने पूरे कार्यक्रम की मंशा पर प्रश्नचिह्न लगा दिया। जहां मंत्री और जिले के उच्च अधिकारी भाषण दे रहे थे, वहीं कूड़े की बदबू पूरे परिसर में फैली रही। कार्यक्रम से पहले आनन-फानन में सफाई जरूर कराई गई, लेकिन बचा हुआ कचरा ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी और कूड़ा गाड़ी से ढक दिया गया। नतीजा यह हुआ कि पूरे परिसर में सड़ांध कायम रही। मीनार गेट बाजार पर खरीदारी करने आने वाले लोग रोज इसी पार्किंग में वाहन खड़ी करने को मजबूर है। वाहन चालक इसी दुर्गंध में दिन गुजारने को मजबूर हैं।
मंच से मंत्री ने कहा कि पलवल को स्वच्छ और सुंदर बनाना सबकी जिम्मेदारी है। नगर परिषद के पार्षद हों या जनप्रतिनिधि जब तक आमजन नहीं जुड़ेंगे लक्ष्य संभव नहीं है। इस दाैरान मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर सफाई कर्मियों और गाड़ियों को रवाना किया। खेल राज्य मंत्री ने जनसभा में मौजूद सभी अधिकारियों और लोगों को स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई। कार्यक्रम का अंत सफाई कर्मियों के साथ तस्वीर लेकर हुई।