कॉलेजों में 16 नवंबर से लगेंगी कक्षाएं
गुरुग्राम। उच्च शिक्षा निदेशालय ने कॉलेजों को खोलने की तैयारी कर ली है। स्कूलों की ही तर्ज पर 16 नवंबर से कॉलेजों को खोला जाएगा। निदेशालय ने कॉलेजों को खोलने के मद्देनजर एसओपी जारी कर दी। कोविड-19 के सभी प्रोटोकॉल पूरे किए जाएंगे।
जारी निर्देशों के अनुसार 16 नवंबर से लेकर 1 मार्च तक सेमेस्टर को पूरा किया जाएगा। बीच में परीक्षाओं का आयोजन कर पांच मार्च के बाद दूसरे सेमेस्टर की शुरुआत की जाएगी। सिलेबस को पूरा करने के लिए छुट्टियों को कम किया जाएगा। हालांकि प्रति वर्ष नवंबर माह तक सेमेस्टर को पूरा कर लिया जाता था। 16 नवंबर से 1 मार्च तक पहला, तीसरा और पांचवां सेमेस्टर पूरा किया जाएगा। वहीं 8 मार्च से 26 मार्च तक परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। 5 अप्रैल से 1 अगस्त तक दूसरा, चौथा और छठा सेमेस्टर पूरा किया जाएगा। 9 अगस्त से 21 अगस्त तक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। 30 अगस्त से नए सत्र की 2021-22 के सत्र की शुरुआत की जाएगी।
तीन घंटे की पाली में पहुंचेंगे विद्यार्थी
सोमवार से मंगलवार तक बीए प्रथम वर्ष की कक्षाएं सुबह 9 से 12 बजे तक, बीकॉम और बीएससी प्रथम वर्ष की कक्षाएं दोपहर 12:30 से 3:30 बजे तक लगेंगी। वहीं बुधवार और बृहस्पतिवार को बीए द्वितीय वर्ष की सुबह 9 से 12 बजे तक और बीकॉम और बीएससी द्वितीय वर्ष की कक्षाएं दोपहर 12:30 से 3:30 तक लगेंगी। शुक्रवार और शनिवार को 9 बजे से 12 बजे तक बीए तृतीय वर्ष और पीजी प्रथम वर्ष की कक्षाएं व बीकॉम अंतिम वर्ष और पीजी अंतिम वर्ष की कक्षाएं 12:30 बजे से 3:30 बजे कक्षाएं लगेंगी।