तीन महीने से सीवर के गंदे पानी में डूबा जाटौली का मुख्य मार्ग, लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। नगर परिषद पटौदी-जाटौली मंडी के अंतर्गत जाटौली के वार्ड नंबर-3 में नागरिक सुविधाएं पूरी तरह दम तोड़ चुकी हैं। पिछले तीन महीनों से सीवर का गंदा पानी और कीचड़ मुख्य मार्ग पर जमा होने से स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो गया है। पूरे क्षेत्र में फैली भयंकर दुर्गंध के कारण महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
यह मुख्य मार्ग राजकीय प्राथमिक पाठशाला और बाबा हरदेवा मंदिर को जोड़ता है। ऐसे में मासूम स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को रोजाना इसी नारकीय स्थिति से होकर गुजरना पड़ रहा है। लगातार जलभराव से सड़क पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। प्रशासन की इस घोर लापरवाही से स्थानीय जनता में भारी रोष है।
-
समस्या के समाधान के लिए वार्ड पार्षद, नगर परिषद चेयरमैन और स्थानीय विधायक को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। -जीतू चौहान
लंबे समय से गंदा पानी जमा रहने के कारण सड़क पर कीचड़ फैल गई है और आसपास बुरी दुर्गंध फैली रहती है। गंदे पानी के कारण बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है। -महेश राघव
सीवर ओवरफ्लो होने के बाद दिन-रात गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। रास्ते पर गंदा पानी और कीचड़ जमा होने के कारण घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। -कुसुम देवी
इसी मार्ग पर बाबा हरदेवा का प्रसिद्ध मंदिर और राजकीय प्राथमिक पाठशाला है। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। -पुष्पा देवी
जनस्वास्थ्य विभाग को लिखा पत्र : चेयरमैन
नगर परिषद चेयरमैन प्रवीण ठाकरिया ने बताया कि सीवर की सफाई के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को सुपर सक्शन मशीन उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सीवर की सफाई करवाकर लोगों को राहत दिलाई जाएगी।
जाटोली निवासी जीतू चौहान
जाटोली निवासी जीतू चौहान
जाटोली निवासी जीतू चौहान
जाटोली निवासी जीतू चौहान