रविवार सुबह आसमान रहा साफ रही हल्की धूंध। सवाद
गुरुग्राम का एक्यूआई 296 और मानेसर का 262 रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मिलेनियम सिटी में रविवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे लोगों को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली लेकिन हवा की स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं हुआ। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, हवा में प्रदूषण का स्तर अब भी खराब श्रेणी में बना हुआ है।
रविवार को गुरुग्राम का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 296 दर्ज किया गया। वहीं, मानेसर का एक्यूआई 262 रहा। बूंदाबांदी के बाद भी लोगों को साफ हवा में सांस लेने का इंतजार है। दिल्ली-एनसीआर के शहरों में गुरुग्राम की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित दर्ज की गई। यहां एक्यूआई 296 के साथ शहर पहले स्थान पर रहा। दिल्ली का एक्यूआई 290, नोएडा का 265, फरीदाबाद का 257 और गाजियाबाद का 243 दर्ज किया गया। हल्की बारिश के बावजूद गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो पाया।
मानेसर में खुले में कूड़ा जलाने को प्रदूषण बढ़ने का बड़ा कारण माना जा रहा है। सड़कों से उड़ने वाली धूल भी प्रदूषण का एक प्रमुख कारण है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां प्रदूषण पर नियंत्रण रखना एक बड़ी चुनौती है। गुरुग्राम के चारों वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों पर भी हवा की स्थिति खराब श्रेणी में बनी रही। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिल पाई।