आई विश सखी अभियान के तहत बुनियादी मदद के साथ दे रहीं स्किल ट्रेनिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के विभिन्न सेक्टर की जागरूक महिलाओं ने घरेलू सहायिकाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए सराहनीय मुहिम शुरू की है। सेक्टर-5 में सारिका कृष्णन के नेतृत्व में आई विश सखी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत हाल ही में सहायिकाओं को राशन, कपड़े, छाते और वित्तीय सहायता दी गई। इस मानवीय प्रयास से प्रभावित होकर सेक्टर 50 से प्रवीण, मंजू और गरिमा जैसी महिलाएं भी इस अभियान से जुड़ चुकी हैं। दूसरी ओर, सेक्टर 50 स्थित निर्वाणा कंट्री में पूजा शर्मा के नेतृत्व में डोमेस्टिक हेल्प कमेटी सक्रिय है। यह कमेटी सहायिकाओं को मेडिकल सहायता, जरूरी सरकारी प्रमाणपत्र बनवाने में मदद, स्किल ट्रेनिंग और मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित करती है। महिलाओं के ये सामूहिक प्रयास समाज में बड़ा बदलाव ला रहे हैं।
कोई हमारा भी ख्याल रखता है
इस पहल का उद्देश्य उन घरेलू कामगार महिलाओं की सहायता करना है, जो अपने परिवार की रोजमर्रा की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष करती हैं। -सारिका कृष्णन आई विश सखी, सेक्टर-5
घरेलू सहायिकाओं की सहायता के लिए 2015 में कमेटी बनाई थी, जो उनके आधार कार्ड, बैंक अकांउट, स्वास्थ्य जागरूकता पर काम करती है। -पूजा मिश्रा, संयोजिका डोमिस्टिक हेल्प कमेटी, निर्वाणा कंट्री
जिस चीज की जरूरत होती है, सखी दीदियां दे देती हैं, जैसे आज मुझे राशन की जरूरत थी, तो यह मिला है। -अस्मिता, घरेलू सहायिका
यह अच्छा लगता है कि कोई हमारा ख्याल रखता है। सिर्फ चीजें ही नहीं बीमारी, दुर्घटना सबका हाल दीदी लेती रहती हैं। -सरस्वती, घरेलू सहायिका