मानेसर नगर निगम ने 114 सोसाइटियों का किया था सर्वे, निजी टैंकरों के जरिये फेंका जा रहा पानी
नंबर गेम- 79 सोसाइटियों में यह समस्या सामने आई
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर नगर निगम के सर्वे में बड़ा खुलासा हुआ है। निगम के अनुसार, क्षेत्र की 79 हाईराइज सोसाइटियां सीवर कनेक्शन नहीं होने के कारण निजी टैंकरों के जरिये गंदे पानी का गलत तरीके से निपटान कर रही हैं। इससे पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा है। नगर निगम ने पिछले तीन महीनों में 114 सोसाइटियों का सर्वे किया, जिनमें से 79 सोसाइटियों में यह समस्या सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, इन सभी सोसाइटियों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगे हुए हैं, लेकिन उनका कनेक्शन मुख्य सीवर लाइन से नहीं जुड़ा है। इसी वजह से गंदे पानी को निजी टैंकरों से खाली जमीनों पर डंप किया जा रहा है।
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता निजेश कुमार ने बताया कि यह सीवेज निपटान नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर बिना उपचारित गंदा पानी खुले इलाकों में फेंका जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-77, 79, 80, 82, 86 और 90 में खाली जमीनों पर गंदा पानी डाला जा रहा है, जिससे बदबू फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। सेक्टर-77 की निवासी रवि यादव ने कहा कि इलाके में लगातार दुर्गंध बनी रहती है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
जीएमडीए अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-81 से 115 तक करीब 69 किलोमीटर लंबा सीवर नेटवर्क बनाया जाना है, जिसमें अभी काफी काम बाकी है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली सोसाइटियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।