दो साल की मांग के बाद आईएमटी मानेसर से बजघेड़ा तक पहुंची सिटी बस सेवा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे क्षेत्र के निवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा शुरू हो गई है। आईएमटी मानेसर से द्वारका एक्सप्रेसवे होते हुए सेक्टर-113 स्थित बजघेड़ा तक सिटी बस सेवा शुरू की गई है। इस रूट को आगे द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक बढ़ाने का प्रस्ताव है, जिसके लिए परमिट के लिए आवेदन किया जा चुका है।
यूनाइटेड आरडब्ल्यूए फेडरेशन के संस्थापक राकेश राणा बजघेड़ा ने बताया कि इस बस सेवा के लिए फेडरेशन की ओर से करीब दो साल से प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सांसद राव इंद्रजीत सिंह से भी मुलाकात कर मांग रखी गई थी। बस सेवा शुरू होने के बाद फेडरेशन की टीम ने डिपो प्रबंधक नरेश कुमार से मुलाकात कर सिटी बस विभाग का आभार जताया और आगे भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
राकेश राणा ने बस सेवा शुरू होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और जीएमडीए का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा शुरू होने से द्वारका एक्सप्रेसवे क्षेत्र के निवासियों को गुरुग्राम, मानेसर और दिल्ली के बीच सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। राकेश राणा ने कहा कि बस सेवा का द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक विस्तार होने से क्षेत्र के लोगों को मेट्रो कनेक्टिविटी भी बेहतर तरीके से मिल सकेगी।
आईएमटी मानेसर से बजघेड़ा के लिए समय :
बस आईएमटी मानेसर से बजघेड़ा के लिए सुबह 8:25 और 8:45 बजे, 11:20 और 11:40 बजे, दोपहर 2:20 और 2:40 बजे तथा शाम 4:55 और 5:15 बजे चलेगी।
बजघेड़ा से आईएमटी मानेसर के लिए समय :
बजघेड़ा से आईएमटी मानेसर के लिए बस सुबह 9:40 और 10:00 बजे, दोपहर 12:40 और 1:00 बजे, 3:35 और 3:55 बजे तथा शाम 6:35 और 6:55 बजे चलेगी।