गुरुग्राम। महावीर चौक के पास बन रहे अंडरपास के कारण आसपास के इलाके में रविवार को भी यातायात व्यवस्था सामान्य नहीं रही। वहीं सोमवार को फिर से भीषण जाम होने की आशंका है, जिसको देखते हुए महावीर चौक की तरफ न जाना ही बेहतर रहेगा। अंडरपास निर्माण कार्य के कारण एमजी रोड से बस अड्डे की तरफ आने वाली सड़क को बंद कर दिया गया है। वहीं, बस स्टैंड की तरफ जाने वाली सड़क किनारे भी निर्माण के चलते फेंसिंग की गई है।
इसके चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले शुक्रवार व शनिवार को आसपास के पूरे इलाके में जाम की स्थिति रही। वहीं, अवकाश का दिन होने के बावजूद रविवार को बीच-बीच में जाम लगता रहा, जिसके कारण वाहन चालक परेशान नजर आए। वहीं, रूट डायवर्जन के कारण भी वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। एमजी रोड की तरफ से आने वाले अधिकांश वाहन बस स्टैंड की तरफ ही जाते हैं, जिसके कारण इस सड़क पर सबसे ज्यादा जाम रहा।
जाम से बचना है तो इन रास्तों को चुने
महावीर चौक के संभावित जाम से बचने के लिए यात्री शहर के दूसरे रास्तों को चुन सकते हैं। अगर सदर बाजार व न्यू रेलवे रोड की तरफ जाना है तो एमजी रोड की तरफ से आने वाले यात्री सेक्टर-14 तिराहे से पटेल नगर सेक्टर-15 के बीच वाले रास्ते को चुना जा सकता है। वहीं, न्यू रेलवे रोड जाने के लिए सेक्टर-14 से होते हुए सेक्टर-12ए व शीतला माता मंदिर रोड हुए चिंतपूर्णी मंदिर या बाबा प्रकाशपुरी चौक पर निकला जा सकता है। वहीं, सिविल लाइन व सदर बाजार आने के लिए हाइवे से झाड़सा रोड के जरिए आना बेहतर विकल्प रहेगा।
वाहनों के दबाव के कारण जाम
महावीर चौक अंडरपास निर्माण के कारण पिछले तीन दिनों से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित है। महावीर चौक, शीतला माता मंदिर रोड, सदर बाजार, न्यू रेलवे रोड, गुड़गांव गांव रोड इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इन सड़कों पर रोजाना जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। अवकाश का दिन होने के कारण उम्मीद थी कि रविवार को स्थिति बिल्कुल सामान्य होगी लेकिन कोई खास राहत नहीं रही। शीतला माता मंदिर की तरफ जाने वाली सड़क पर ज्यादा जाम रहा। वहीं, सोमवार को जाम का प्रभाव और भी ज्यादा रहने की आशंका है। बस स्टैंड से लेकर महावीर चौक वाहनों की कतार देखने को मिली।