-स्वास्थ्य विभाग की जांच में भी मिली गड़बड़ी , एसपी के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। नगर में एक निजी अस्पताल के संचालक और डॉक्टरों पर इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने एसपी के निर्देश पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव चिलावली निवासी कमाल का कहना है कि तावडू स्थित अल सलाम अस्पताल के संचालक डॉ. राशिद और अन्य डॉक्टरों ने उसके बेटे का गलत ऑपरेशन कर दिया। आरोप के अनुसार बिना परिजन की अनुमति के एक ही समय में डबल ऑपरेशन किया गया, जिससे बच्चे की हालत गंभीर हो गई और उसकी जान को खतरा पैदा हो गया। पीड़ित द्वारा इस मामले की जांच स्वास्थ्य विभाग से कराई गई, जिसमें सीएमओ मांडीखेड़ा की रिपोर्ट में ऑपरेशन के दौरान लापरवाही और अस्पताल रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की पुष्टि हुई। यह रिपोर्ट 5 फरवरी 2026 को मिलने के बाद 6 फरवरी को थाना शहर तावडू में जमा कराई गई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस ने करीब दो महीने तक कोई कार्रवाई नहीं की और उसे लगातार टालती रही। इसके बाद उसने एसपी नूंह को शिकायत देकर न्याय की मांग की। एसपी कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद 20 अप्रैल को तावड़ू शहर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि अस्पताल संचालक और एक अज्ञात सर्जन ने मिलीभगत कर बिना अनुमति के ऑपरेशन किया।