पुन्हाना। शिकरावा रोड़ पर रहीडा गांव के पास में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चा अपने चाचा के साथ अपने मजदूर पिता को ईट भट्टे पर खाना देने जा रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रहीड़ा निवासी गोविंदा ने बताया कि 18 मई की शाम करीब पांच बजे वह अपने भतीजे लखन पुत्र राजपाल के साथ भट्टे पर जा रहा था। जैसे ही वे भट्टे के पास पहुंचे तो लखन सड़क किनारे खड़ा होकर बातचीत करने लगा। इसी दौरान पुन्हाना की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्विफ्ट कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लखन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद