एकांत में खड़ी गाड़ियों की रेकी कर शीशे तोड़कर अंदर से सामान चोरी करते थे आरोपी
नंबर गेम - 26 मामलों में भगौड़े घोषित थे बदमाश
गुरुग्राम के चार और दिल्ली के आठ अभियोगों समेत चोरी के 11 मामलों में भी चल रहे थे फरार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ठक-ठक गैंग के दो अंतरराज्यीय बदमाशों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी 26 मामलों में भगौड़े घोषित थे। साथ ही गुरुग्राम के चार और दिल्ली के आठ अभियोगों समेत चोरी के 11 मामलों में भी फरार चल रहे थे। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने बुधवार को दोनों को काबू किया है। बदमाश एकांत में खड़ी कारों की रेकी कर उसके शीशे तोड़कर अंदर से सामान चोरी कर लेते थे।
डीएलएफ फेज-1 थाना इलाके में 29 अगस्त 2018 को कुतुब प्लाजा के पास खड़ी कार के शीशे तोड़कर अंदर से लैपटॉप और दूसरा सामान चोरी करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में पुलिस ने दिल्ली के संगम विहार निवासी मोहम्मद जाकिर उर्फ बकरा और यूपी के महुवा के रिबई गांव निवासी दिनेश उर्फ बबलू को काबू किया था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि कार्रवाई करते हुए अब बुधवार को इन्हें काबू किया है। दोनों आरोपियों को अदालत ने 26 मामलों में भगौड़ा घोषित किया था।