जीएमडीए, नगर निगम की कोशिश है कि पानी भरने पर एक घंटे में हो जाए निकासी
नौ जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आने वाले तीन चार दिन लगातार बारिश होने की संभावना और प्रशासन के येलो अलर्ट जारी किए जाने के बाद गुरुग्राम मेट्रोप़ॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) और नगर निगम ने इंतजाम कर लिए हैं। जिला प्रशासन ने इस तरह तैयारी की है कि कहीं पानी भरने की स्थिति में एक घंटे में निकासी हो जाए। इसके लिए संसाधन दुरुस्त करने के लिए कहा है। जिले के कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. मंजीत ने नौ जुलाई तक के मौसम का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए कहा है कि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तय किया गया है कि अधिक बरसात होने पर जिले में बनाए गए नॉन मोटराइज़्ड ट्रांसपोर्ट (एनएमटी) बंद रखे जाएंगे। अंडरपास में एक लेवल से ऊपर पानी भरने पर बैरिकेडिंग से वह रास्ता बंद करेंगे। आवागमन के लिए वैकल्पिक रोड का इस्तेमाल करने के निर्देश जारी करें। जीएमडीए के अधिकारियों ने बताया कि नरसिंहपुर में जलभराव वाले क्षेत्र में मौजूदा वाटर पंप की क्षमता बढ़ा दी गई है। यहां 70 एचपी की क्षमता के दो व 50 एचपी की क्षमता के तीन पंप लगाए गए हैं। एनएचएआई की तरफ से तीस एचपी की क्षमता के दो वाटर पंप लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जलभराव की समस्या से निपटने के लिए दस एचपी की क्षमता के पांच अतिरिक्त पंप नगर निगम गुरुग्राम की ओर लगाए गए हैं।
आईएमटी चौक पर वाटर पंप लगाने का फैसला
जलभराव की समस्या से जूझने वाले आईएमटी चौक पर जल निकासी के लिए प्रशासन द्वारा वाटर पंप लगाने का फैसला किया गया है। हाईवे के साथ लगती सभी ड्रेन की निरंतर सफाई करवाने को कहा है। आईएमटी चौक मानेसर में हाईवे का प्रमुख चौक होने के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले वाहनों का प्रमुख मार्ग भी है। ऐसे में मानसून में यहां पानी की निकासी के लिए वाटर पंपों की व्यवस्था की गई है।
हेल्पलाइन नंबर पर करें शिकायत
जिला प्रशासन ने जलभराव की जानकारी व शिकायत देने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। लोग 1800-180-1817 और 0124-4753555 पर संपर्क कर सकते हैं।