अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम अब शहरवासियों को प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी कॉल और मैसेज के माध्यम से भेजेगा। यह नई व्यवस्था चैट बॉट तकनीक के माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे लाखों प्रॉपर्टी मालिकों को टैक्स की बकाया राशि, भुगतान के विकल्प, अंतिम तिथि और सरकार द्वारा दी जाने वाली छूट की पूरी जानकारी घर बैठे मिल सकेगी।
नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त यश जालुका ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया आधिकारिक रूप से नगर निगम द्वारा शुरू की जा रही है और इसके तहत कॉल और मैसेज एक निर्धारित नंबर 01414324817 से भेजे जाएंगे।
अतिरिक्त निगमायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया है कि नागरिकों को इस व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार के संदेह में नहीं रहना चाहिए। यह संपूर्ण प्रणाली नगर निगम गुरुग्राम की आधिकारिक और स्वीकृत सेवा है, जिसका उद्देश्य टैक्स संग्रह में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ाना है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे आने वाले कॉल और मैसेज पर ध्यान दें और समय पर टैक्स भुगतान करें ताकि किसी भी प्रकार की पेनल्टी से बचा जा सके। साथ ही, यदि किसी को मैसेज की सत्यता पर संदेह हो तो वह नगर निगम की हेल्पलाइन 18001801817 से संपर्क कर पुष्टि कर सकता है।