-पुलिस ने 16 दिन में 41.58 लाख रुपये का लगाया जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यातायात पुलिस ने बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर 5,320 वाहनों के चालान काटे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों पर कुल 41.58 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, एक से 16 सितंबर तक बिना नंबर प्लेट और बिना एचएसआरपी वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाले 2,937 वाहनों के चालान किए गए। इनके चालकों पर 22 लाख 44 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले 2,383 वाहनों के चालान काटकर 19 लाख 13 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यातायात पुलिस का कहना है कि वाहनों पर नंबर प्लेट का स्पष्ट रूप से लगा होना जरूरी है। एचएसआरपी से वाहनों की पहचान आसान होती है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई में भी मदद मिलती है। पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और अपने वाहनों पर एचएसआरपी लगवाने की अपील की है।
यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने कहा कि सभी चालक अपने वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट जरूर लगवाएं। इससे वाहनों की सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। साथ ही आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की पहचान करना भी आसान होगा।