बाइक सवार युवकों ने चार स्थानों से झपटी सोने की चेन
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में चेन स्नेचिंग गिरोह के सदस्य सक्रिय हो चुके हैं। बीते 48 घंटों के दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में चेन झपटने की चार वारदातें हुई हैं। पुलिस ने इन चारों वारदातों में संबंधित थानों में मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सदर थाने में दी शिकायत में सेक्टर-48 निवासी स्वीटी गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह ओलिव अपार्टमेंट के पास जा रही थीं। इसी दौरान बाइक से आए दो युवक उनके गले से सोने की चेन झपट ले गए। युवकों ने हेलमेट पहने हुए थे। वहीं, सेक्टर-29 थाने में दी शिकायत में विकास ने पुलिस को बताया कि वह रविवार को वह लेजर वैली पार्क के पास से गुजर रहे थे। बाइक से आया युवक उनके गले से चेन झपटकर भाग गया।
सुशांत लोक थाने में दी शिकायत में आशीष कुमार ने बताया कि वह किसी कार्य से सुशांत लोक स्थित व्यापार केंद्र गए थे। यहां बाइक पर सवार युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से भाग गए। वहीं, सेक्टर-57 निवासी वाली विद्या सिंह ने सेक्टर-56 थाने में दी शिकायत में बताया कि बाइक पर सवार होकर आए दो युवक उनके गले से सोने की चेन झपट ले गए।