गुरुग्राम। श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुमित कुमार ने शुक्रवार को मंदिर परिसर में आयोजित हुई बैठक की अध्यक्षता की। इसमें श्री शीतला माता मंदिर के नए भवन के निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सीईओ सुमित कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं 28 सितंबर को श्री शीतला माता के दर्शन करने गुरुग्राम पहुंचे थे और निर्माणाधीन भवन का दौरा कर अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सुझावों को सर्वोच्च प्राथमिकता से लागू करें। समीक्षात्मक बैठक के उपरांत सुमित कुमार ने निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और पार्किंग स्थल, फुट ओवर ब्रिज, मूलभूत सुविधाओं सहित सम्पूर्ण परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एक माह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ब्यूरो