गुरुग्राम। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने मंगलवार को अकाउंटेंसी की परीक्षा दी। लगभग दस हजार विद्यार्थियों ने जिले के 143 केंद्रों पर परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थी समय से पहले पहुंचकर अंतिम तैयारी करते नजर आए। केंद्र से बाहर निकले विद्यार्थियों ने अकाउंटेंसी की परीक्षा को काफी आसान बताया। अभिभावक भी अपने बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए केंद्रों के बाहर मौजूद रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब विद्यार्थी बाहर निकले तो उनके चेहरों पर संतोष दिखाई दिया। अधिकांश विद्यार्थियों ने अकाउंटेंसी का पेपर आसान और संतुलित बताया और अच्छे परिणाम की उम्मीद की।
वर्जन
पेपर काफी संतुलित था। ज्यादातर प्रश्न सीधे और सिलेबस के भीतर से थे। पार्टनरशिप और कंपनी के सवाल भी ज्यादा कठिन नहीं थे। नियमित अभ्यास करने वाले छात्रों के लिए यह पेपर अच्छा रहा।
- अनामिका साह
मुझे शुरू में थोड़ा तनाव था, लेकिन जब प्रश्नपत्र पढ़ा तो आत्मविश्वास बढ़ गया। थ्योरी के प्रश्न सरल थे और केस स्टडी आधारित प्रश्न भी समझने में आसान रहे। समय प्रबंधन सही रखने पर पूरा पेपर आराम से हो गया। -प्रिया झा
मुझे डर था कि इस बार लंबे और जटिल सवाल आएंगे, लेकिन पेपर उम्मीद से आसान रहा। अधिकतर प्रश्न वही थे जिनकी हमने तैयारी की थी। अच्छे अंक आने की पूरी उम्मीद है। -यश
कुछ सवालों को पढ़ने की जरूरत थी, लेकिन कुल मिलाकर पेपर ज्यादा कठिन नही था। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को हल करने से काफी मदद मिली। -युवराज