आने वाले दिनों में तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में मंगलवार को तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने गर्मी का अहसास कराया। अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है जिससे आमजन को सतर्क रहने की जरूरत है।
वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 123 दर्ज किया गया। यह ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र के स्टेशन का है जबकि शहर के स्टेशन बंद हैं। यहां वाहनों और निर्माण के कारण एक्यूआई खराब स्थिति में है। वातावरण में नमी और गर्मी के कारण हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। तेज धूप के कारण डायरिया और बुखार के मरीजों में इजाफा देखा जा रहा है। नागरिक अस्पताल में ओपीडी में सबसे अधिक मरीज बुखार के पहुंच रहे हैं। ऐसे में चिकित्सकों की ओर से सावधानियां बरतने को कहा जा रहा है। पूरी बाजू के कपड़े पहनने से लेकर बाहर का खाना खाने की लिए न खाने की सलाह दी जा रही है।