3.31 क्विंटल गांजे के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
: एसटीएफ ने दबोचे, ट्रैक्टर की ट्रॉली में बने बॉक्स में छिपा रखा था
: छत्तीसगढ़ से मंगवाई थी खेप, हरियाणा, यूपी होनी थी सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) हरियाणा ने छत्तीसगढ़ से लाई गई 3.31 क्विंटल गांजे की बड़ी खेप के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने ट्रैक्टर की ट्रॉली में बनाए विशेष बॉक्स में प्लास्टिक के पैकेट बनाकर गांजा छिपा रखा था। तस्करों ने खुलासा किया कि उन्होंने 6.62 लाख में गांजा मंगवाया था, इसे कई गुना अधिक कीमत पर हरियाणा, यूपी में कई स्थानों पर सप्लाई करने वाले थे। एसटीएफ के एसपी वीरेंद्र विज ने बताया कि तस्करों का नेटवर्क खंगाला जा रहा है। कई और खुलासे हो सकते हैं।
बृहस्पतिवार को एसटीएफ मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी वीरेंद्र विज ने बताया कि बुधवार रात रोहतक यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप धनखड़ को नशे की बड़ी खेप आने के संबंध में सूचना मिली। इंस्पेक्टर धनखड़ की अगुवाई में 9 सदस्यीय टीम ने केजीपी पलवल के कतेसरा गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। जांच में ट्रॉली के नीचे विशेष रूप से बनाए गए बॉक्स में गांजे की बड़ी खेप मिली। तस्करों ने बॉक्स को टायर व लकड़ी के फट्टों से ढक रखा था। एसटीएफ ने बॉक्स के अंदर पैकेट में छिपाया हुआ 331 किलो 41 ग्राम गांजा बरामद किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान यूपी शामली के ढूंढू गांव निवासी विजयपाल, इशोपुर निवासी ऋषिपाल व प्रवेश के रूप में हुई। तस्करों ने बताया कि गांजा छत्तीसगढ़ के बेमेतरा निवासी ओमी नामक युवक से दो हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से मंगवाया था। इस खेप को हरियाणा के अलावा यूपी के कई स्थानों पर पांच गुना कीमत पर बेचना था। पुलिस ने ट्रॉली भी जब्त कर ली। एसपी ने बताया कि आरोपी प्रवेश एक वर्ष पूर्व यूपी से 28 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया था। एसटीएफ तीनों तस्करों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।