गुरुग्राम। एक युवती की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से उसके दोस्तों व रिश्तेदारों को धमकाने व अश्लील मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम पूर्व थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान पर अज्ञात के खिलाफ अलग-अलग आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सेक्टर-51 में रहने वाली युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पांच सितंबर को उन्हें पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई। आरोपी ने इस फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर उनके जान-पहचान वालों, दोस्तों और परिवार के सदस्यों को धमकी भरे और आपत्तिजनक मैसेज भेजे। इससे पीड़िता की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाने वाले अपराधी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साइबर सेल सोशल मीडिया कंपनी से संपर्क कर आरोपी की जानकारी जुटाने में लगी है।