गुरुग्राम। उद्योग विहार के पीपल चौक से आई-20 कार और 20 हजार रुपये लूट होने की सूचना से पुलिस की नींद उड़ गई। जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो गाड़ी के चोरी होने की बात सामने आई। बहरहाल, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली निवासी आदित्य रविवार को किसी कार्य से अपनी आई-20 गाड़ी से उद्योग विहार आया था। देर रात उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर बदमाशों द्वारा उसकी कार छीनने के साथ ही 20 हजार रुपये नकद लूटने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आदित्य ने सोमवार सुबह थाने में आकर शिकायत दी। इस पर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह रविवार रात को अपनी गाड़ी को पीपल चौक के पास खड़ा कर शराब के ठेके पर गया था। शराब पीने के बाद जब लौटा तो उसकी कार गायब मिली। गाड़ी में उसके महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे हुए थे। शराब के नशे में हो सकता है कि उसने लूट की सूचना दी हो। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।