-सेक्टर-69 में 3 सितंबर को हुई थी घटना, 26 दिन बाद शिकायत पर बादशाहपुर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। सेक्टर-69 में 3 सितंबर की शाम तेज रफ्तार कार ने गली में खेल रहे दो वर्षीय बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। बच्चे के पिता योगेंद्र की शिकायत पर 29 सितंबर को बादशाहपुर थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित मकरंदपुर गांव निवासी योगेंद्र परिवार के साथ सेक्टर-69 के एवेन्यू-69 में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 3 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे उनका दो वर्षीय बेटा अयांश गली में खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार वहां पहुंची और बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अयांश कार के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि कार के टायर बच्चे के ऊपर से नहीं निकले। परिजन बच्चे को उपचार के लिए सेक्टर-57 स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज में काफी खर्च हुआ। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद योगेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
कार की पहचान, चालक की तलाश- बादशाहपुर थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि बच्चे को टक्कर मारने वाली कार की पहचान कर ली गई है। कार मालिक को नोटिस भेजकर वाहन और चालक को पेश करने के लिए कहा गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द चालक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।