- शादी समारोह से लौट रहे थे अधिवक्ता, संतुलन बिगड़ने से हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। तावडू-सोहना पहाड़ी मार्ग पर घाटी में कार गिरने से अधिवक्ता की मौत हो गई। मृतक की पहचान पंकज (42 वर्ष) निवासी शकरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। चालक मेरठ हाईकोर्ट में वकालत करता था। कार पलटने से अधिवक्ता कार का शीशा तोड़ते हुए बाहर निकलकर लगभग आठ फुट दूर जाकर गिरे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मंगलवार तड़के तीन बजे तावडू की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार का घाटी मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया। इससे कार सुरक्षा दीवार को तोड़कर गहरी खाई में जा गिरी। कार सड़क से खाई में चार-पांच बार पलटी खाती हुई वहां पड़े टैंकर पर जाकर रुकी। मृतक के परिजन अंकुर ने बताया कि पंकज सोमवार को दिल्ली से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अकेले आए थे। शादी के बाद वह वापस घर लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।