गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त, चालक का निजी अस्पताल में चल रहा है उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नेशनल हाईवे-19 पर सेक्टर-28 के पास कार ने आगे चल रहे कैंटर में टक्कर मार दी। हादसे में कार का आगे का हिस्सा कैंटर में घुस गया, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, कार चालक की जान एयरबैग खुलने की वजह से बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
फरीदाबाद में सेक्टर-28 के पास बदरपुर बॉर्डर निवासी निशांत कार से दिल्ली जा रहा था। नेशनल हाईवे पर कार के आगे चल रहे कैंटर में निशांत ने टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि कार का अगला हिस्सा कैंटर में घुस गया। यह हादसा सुबह चार बजे हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भिजवाया।
पुलिस ने बताया कि कार को निकालने के लिए काफी कोशिश करनी पड़ी। कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार पर दिल्ली का नंबर है, जिस समय यह हादसा हुआ उस समय कार में चालक अकेला था और दिल्ली की तरफ जा रहा था।