संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मरोड़ा गांव के समीप बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। उसके बाद उसमें आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जल गई। उसमें ड्राइवर जिंदा जल गया जिससे उसका शरीर कंकाल में बदल गया।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जले हुए कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भेज दिया। डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान आशीष यादव निवासी नीमराणा, राजस्थान के रूप में हुई है। कार भी उन्हीं के नाम पर पंजीकृत है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब छह बजे किसान खेतों में पानी चला रहे थे, तभी उन्हें जोरदार धमाका सुनाई दिया। किसान कुछ समझ पाते कि एक्सप्रेसवे पर आग की लपटें उठती नजर आईं। जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार में आग लगी थी और ड्राइवर अंदर फंसा हुआ था। लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन जब तक टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया, तब तक कार और चालक दोनों पूरी तरह जल चुके थे। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पता लगाया जा रहा है कि घटना तेज रफ्तार के कारण हुई या फिर किसी तकनीकी खराबी की वजह से आग लगी।