स्वास्थ्य विभाग ने दो डॉक्टरों को विशेष ट्रेनिंग के लिए झज्जर स्थित राष्ट्रीय कैंसर इंस्टीट्यूट भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में कैंसर रोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब नौ साल बाद यहां कैंसर ओपीडी शुरू होने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के दो डॉक्टरों को कैंसर उपचार की विशेष ट्रेनिंग के लिए झज्जर स्थित राष्ट्रीय कैंसर इंस्टीट्यूट भेजा है। यह प्रशिक्षण दो माह का होगा। इसके पूरा होने के बाद अस्पताल में न केवल कैंसर ओपीडी संचालित होगी बल्कि गंभीर मरीजों को भर्ती करके उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
अभी तक अस्पताल में कैंसर मरीजों को केवल जांच की सुविधा मिल रही है। फरवरी 2024 से यहां हिस्टोपैथोलॉजी लैब कार्यरत है, जहां बायोप्सी व ऊतक जांच के जरिए कैंसर की पुष्टि की जाती है। इस लैब में त्वचा, यकृत, गुर्दे सहित अन्य अंगों के ऊतक जांचे जाते हैं।
वर्तमान में कैंसर की पुष्टि होने पर मरीजों को रोहतक पीजीआई या दिल्ली रेफर करना पड़ता है।
अस्पताल में हर माह करीब 10 से 15 नए कैंसर मरीजों की पहचान करता है, जिनमें ब्रेस्ट कैंसर और मुंह के कैंसर के मामले अधिक होते हैं। नई सुविधा शुरू होने से मरीजों को बाहर दौड़ने से राहत मिलेगी।
दो डॉक्टरों को कैंसर उपचार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जल्द ही अस्पताल में कैंसर ओपीडी और भर्ती की सुविधा शुरू होगी।
– डॉ. अलका सिंह, सीएमओ, गुरुग्राम