सेक्टर-81 की रहने वाले बुजुर्ग महिला ने पुलिस को दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़की दौला थाना इलाके में एक प्रोजेक्ट में खरीदी गई कैंसर पीड़िता बुजुर्ग महिला की दुकान को फर्जी कागजात तैयार कर बेच दिया गया। महिला का कहना है कि सेक्टर-84 स्थित एलान मिरेकल प्रोजेक्ट में उन्होंने ये दुकान खरीदी थी और अपने खाते से पेमेंट की थी। आरोपियों ने दस्तावेज बनाकर उनके फर्जी साइन कर ये ठगी की।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर खेड़की दौला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में टीम जांच कर रही है। पुलिस को शिकायत सेक्टर-81 निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला प्रेम चौधरी ने दी है। सेक्टर-84 में उन्होंने एक दुकान खरीदी थी और अपने खाते से पेमेंट की थी। आरोप है कि बिल्डर व अन्य ने मिलकर भिवानी निवासी एक महिला को फर्जी सेटलमेंट एग्रीमेंट (समझौता पत्र) के आधार पर ये दुकान अवैध रूप से बेच दी। समझौता पत्र पर महिला के फर्जी हस्ताक्षर कर लिए गए। महिला के अनुसार जब उन्हें फर्जीवाड़े का पता चला पुलिस को शिकायत दी। खेड़की दौला थाना पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद आरोपों को सही पाया और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई है।