गुरुग्राम। सेक्टर-102/102ए के चौराहे पर पहरेदारी के लिए स्पीड कैमरे लगाए गए हैं, जो वाहन चालकों की हर गलती पर नजर रखेंगे। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के ऑनलाइन चालान किए जाएंगे। कैमरों के माध्यम से तेज गति से वाहन चलाने, लाल बत्ती का उल्लंघन करने और अन्य यातायात नियमों की तोड़ने वालों की पहचान की जा सकेगी। इससे यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करना आसान होगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चौराहे के पास निजी स्कूल होने के बाद भी चालक तेज गति में वाहन चलाते हैं। इससे हादसे का डर बना रहता है। वहीं, चौराहे पर सुबह और दोपहर के समय वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। कई लोग गलत दिशा में वाहन चलाते हैं। ऐसे में स्पीड कैमरे लगाए जाने से वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर अंकुश लगने की उम्मीद है। लोगों का कहना है कि कैमरों की नियमित निगरानी और ऑनलाइन चालान की व्यवस्था से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।