कार के दिल्ली धमाके में शामिल होने की आशंका जताई जा रही
आतंकी डॉ. उमर के पहुंचने के संकेत
संवाद न्यूज़ एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। दिल्ली में हुए धमाके के तार अब मेवात से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। खुफिया एजेंसियों को हाथ लगे एक अहम सुराग के अनुसार, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नूंह जिले के घाटा शमशाबाद टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध आई20 कार नजर आई है, जिसके दिल्ली धमाके में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह फुटेज 10 नवंबर की रात 1:36 बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी में जो व्यक्ति दिखाई दे रहा है, उसकी पहचान आतंकी डॉ. उमर के रूप में की जा रही है, जो दिल्ली बम ब्लास्ट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। वीडियो में वह एक्सप्रेसवे होते हुए लोकल टोल पार कर नूंह (मेवात) की ओर जाता नजर आ रहा है।
हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि उमर मेवात के किस गांव, शहर या कस्बे में गया था लेकिन सूत्रों के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों की कई टीमें रातभर टोल प्लाजा और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगालती रहीं।
पुलिस अधिकारी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं, जबकि जांच एजेंसियां मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रही हैं।
सुरक्षा में चूक का फायदा उठाया
सूत्रों का कहना है कि आतंकी उमर ने फिरोजपुर झिरका होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का रास्ता चुना, जहां पुलिस चेकिंग की कमी का फायदा उठाया गया। यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस रूट से सामग्री की आवाजाही आसानी से की जा सकती है।
अमोनियम नाइट्रेट की आसान उपलब्धता पर उठे सवाल
हरियाणा के अंतिम गांव बीवा, बसई से सटे राजस्थान के नांगल क्रशर जोन में खनन कार्यों के दौरान बड़े पैमाने पर अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल होता है। यह रासायनिक पदार्थ विस्फोटक तैयार करने में उपयोगी होता है और क्षेत्र में आसानी से उपलब्ध है। सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि धमाके में प्रयुक्त सामग्री यहीं से सप्लाई की गई हो सकती है।
जांच में जुटीं कई एजेंसियां
एनआईए, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, और हरियाणा पुलिस की टीमें फिलहाल घाटा शमशाबाद टोल से लेकर नूह, बीमा बसई और नांगल जोन तक के क्षेत्रों की गहन जांच में जुटी हैं। फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर आतंकियों की संभावित लोकल कनेक्टिविटी की भी जांच की जा रही है।
जो फुटेज मीडिया के पास उपलब्ध है वह एनएचआई के सोहना हेड क्वार्टर से ली गई है। जांच एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है।
-अजायब सिंह, डीएसपी, फिरोजपुर झिरका