गुरुग्राम। सुरक्षा व सुविधा देने के नाम पर विदेशियों के कंप्यूटर पर पॉपअप भेजकर ठगने वाले कॉल सेंटर का साइबर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 20 दिन में यह छठे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है।
साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि यूएसए के नागरिकों को पॉपअप भेजकर सुरक्षा सुविधा देने के नाम पर ठगा जा रहा है। ये कॉल सेंटर साउथ सिटी में एक होटल के बेसमेंट में चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। यहां पुलिस ने कॉल सेंटर संचालक उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी साहिल शर्मा व सहारनपुर उत्तर प्रदेश के न्यू शारदा नगर निवासी शशांक गुप्ता को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 3 लैपटॉप और 3 मोबाइल बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि कॉल सेंटर के माध्यम से यूएसए के नागरिकों के कंप्यूटर पर पॉपअप भेजते थे। लिंक पर क्लिक करते ही स्क्रीन पर उनका नंबर डिस्पले होने लगता था। नंबर पर फोन करने वाले यूएसए नागरिकों को ये लोग डराकर उनसे विभिन्न माध्यमों से डॉलर ठगते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह न केवल पॉपअप बल्कि अमेजन सुरक्षा, चीपो एयर समेत अन्य तरीकों से लोगों को डराकर उनसे डॉलर वसूलते थे। पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्ज कर लिया है।