अरावली की पहाड़ी पर ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। तीन युवक बुधवार रात एक कैब चालक को अरावली पहाड़ी पर ले जाकर मारपीट कर गाड़ी लूटकर भाग गए। आरोप है कि चालक को पहाड़ी की खाई में धक्का दे दिया था। पीड़ित किसी तरह से खाई से निकला और राहगीर से मोबाइल मांगकर सूचना दी।
पीड़ित की शिकायत पर भोंडसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी विनोद कुमार तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मिलेनियम सिटी सेंटर से उनके पास रायसीना गांव में एक रिसोर्ट के लिए बुकिंग आई थी। रायसीना में छोड़ने के बाद कुछ देर में ही उनके पास एक राइड आई। तीन युवकों को दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़ना था। तीनों युवकों को कैब में सेक्टर-69 की तरफ लेकर गया था। वहां पर आधे घंटे रुकने के बाद उन्होंने शराब पी। युवकों ने कहा कि वह अपना पासपोर्ट भूल गए हैं। दोबारा से रायसीना के रिसोर्ट चलो। जब वह अरावली पहाड़ी पर पहुंचे तो एक युवक ने पीछे से मुंह पर कपड़ा बांध दिया। उसके बाद कार में ही मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि गाड़ी से निकालकर मारपीट की और पहाड़ी की खाई में फेंककर मोबाइल और गाड़ी लेकर भाग गए। पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।